बिहारी स्टाइल मसालेदार आलू भुजिया
बिहार की रसोई में दाल-चावल के साथ परोसी जाने वाली मसालेदार आलू भुजिया का स्वाद जितना सादा लगता है, उतना ही लाजवाब होता है।
सरसों के तेल की तीखी खुशबू, लहसुन और जीरे का देसी तड़का, साथ में सूखी लाल मिर्च और अमचूर का चटपटा पन – ये सब मिलकर इस डिश को खास बिहारी अंदाज़ देते हैं।
अक्सर इसे गरमा-गरम दाल-चावल या कढ़ी के साथ खाया जाता है, और एक बार खाने के बाद आप इसे अपनी रसोई में बार-बार बनाएंगे।
आवश्यक सामग्री:-
आलू – 250 ग्राम
लहसुन – 7–8 कलियां
जीरा – 1 छोटा चम्मच
हल्दी पाउडर – ½ छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – ½ छोटा चम्मच
धनिया पाउडर – ½ छोटा चम्मच
सूखी लाल मिर्च – 4
नमक – स्वादानुसार
अमचूर पाउडर – ½ छोटा चम्मच
हरा धनिया – बारीक कटा हुआ
सरसों का तेल – 3 बड़े चम्मच
हींग – एक चुटकी
करी पत्ता – 6–7 पत्तियां
बनाने की विधि
1. मीडियम साइज के आलू को 2–3 बार साफ पानी से धो लें।
2. इन्हें फ्रेंच फ्राइज की तरह पतले-पतले टुकड़ों में काट लें।
3. कटे हुए आलू को दोबारा पानी से 2 बार धो लें ताकि अतिरिक्त स्टार्च निकल जाए और भुजिया क्रिस्पी बने।
4. कढ़ाई में सरसों का तेल गरम करें। गरम तेल में 2 सूखी लाल मिर्च तोड़कर डालें, फिर करी पत्ते डालें।
5. अब आलू डालें और हल्का नमक डालकर मध्यम आंच पर तलते रहें।
6. बीच-बीच में चलाते रहें ताकि आलू चारों तरफ से सुनहरे और कुरकुरे हो जाएं।
मसाला तैयार करना
1. सिलबट्टे या मिक्सर में लहसुन, बची हुई सूखी लाल मिर्च, थोड़ा नमक, जीरा, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और थोड़ा पानी डालकर पेस्ट बना लें।
2. जब आलू पक जाएं, कढ़ाई में बीच में थोड़ी जगह खाली करें। उसमें हींग और तैयार किया हुआ मसाला डालें।
3. मसाले को 1–2 मिनट भूनें, फिर आलू के साथ अच्छे से मिला दें। 4–5 मिनट मध्यम आंच पर पकने दें ताकि मसाले का स्वाद अच्छे से आलू में उतर जाए
4. गैस बंद करने से पहले अमचूर पाउडर और बारीक कटा हरा धनिया डालें।हल्के हाथ से मिक्स करें।
5. आपकी गरमा-गरम बिहारी स्टाइल मसालेदार आलू भुजिया तैयार है।
सुझाव:
1.मसाले को पीसते समय ज्यादा पानी न डालें।
2.अगर ज्यादा खट्टापन पसंद है तो अमचूर पाउडर की जगह नींबू का रस डाल सकते हैं।